लालकुआँ कोतवाली पुलिस ने किया बंद घर में चोरी का खुलासा दो शातिर सगे भाई गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर बरामद।

1001571409_cropped.webp

रिपोर्टर मजहिर खान

​लालकुआँ । लालकुआँ कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के आजाद नगर वार्ड नंबर 4 में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चुराने वाली घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने शुक्रवार को दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिन्हें न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बताते चले कि पुलिस को दी गई तहरीर में आजाद नगर वार्ड नंबर 4 निवासी मोहनी देवी पत्नी स्व. भीम सिंह परिहार ने बताया था कि गत 17 अक्टूबर को वह अपनी बेटी के घर गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। सुबह स्थानीय लोगों ने घर का ताला टूटा होने की सूचना दी, जिस पर मोहनी देवी ने घर पहुंचकर सामान बिखरा हुआ और जेवर गायब पाया। जिसने बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की।

वही घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी की। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और डोर्बी जंगल से आजाद नगर वार्ड नंबर 4 निवासी दो सगे भाइयों—विशाल मंडल और उसके छोटे भाई विकास मंडल पुत्रगण वीरेंद्र सिंह को धर दबोचा। पुलिस की कड़ी से पूछताछ में दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए दो सोने के मंगलसूत्र, दो कान के कुंडल और पाँच चांदी के सिक्के करीब 2,69,000 रुपये बरामद किए।

वही पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी विशाल मंडल उर्फ चीमा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लालकुआँ सहित अन्य थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

इस सराहनीय खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाल ब्रजमोहन राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल आनंद पुरी, पूरन सिंह रायपा, उमेश गिरी और संजय कुमार शामिल रहे।