वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: 6 बाइक बरामद, मैकेनिक समेत 4 गिरफ्तार।

हल्द्वानी। हल्द्वानी पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने गिरोह के 3 मुख्य अभियुक्तों और चोरी की गाड़ियां खरीदकर उनके पार्ट्स काटने वाले एक शातिर मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बताते चले कि हल्द्वानी काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से लगातार दोपहिया वाहनों के गायब होने की शिकायतों को देखते हुए एस.पी. हल्द्वानी हरबंस सिंह, सीओ रविकांत सेमवाल और बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अथक प्रयास किया और 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड से तीनों चोरों को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ और रिहायशी इलाकों से मोटरसाइकिलें चुराते थे। इसके बाद चोरी की गई गाड़ियां मुखानी स्थित मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को बेच दी जाती थीं। मैकेनिक या तो उत्तर प्रदेश के खरीदारों को पूरी बाइक बेच देता था या फिर नई बाइकों के पार्ट्स काटकर बाजार में खपा देता था। इससे मिलने वाली रकम को आपस में बराबर बांट लिया जाता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन पाठक निवासी RTO रोड, मुखानी, योगेश कुमार आर्या निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी दीपक शर्मा निवासी फूलचौड़, मुखानी,विजय श्रीवास्तव (मैकेनिक) निवासी जीतपुर नेगी, हल्द्वानी मूल निवासी बरेली UP के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 स्पलेंडर प्लस, 1 स्पलेंडर प्रो और 1 बजाज पल्सर बाइक बरामद की है। इधर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव,कांस्टेबल आनंद पुरी, दिलशाद अहमद, रवींद्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश व सुनील कुमार शामिल थे।वही एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 2,500 के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

